आर्य समाज खलासी लाइन में 74वें वार्षिकोत्सव का भव्य शुभारम्भ
आर्य समाज खलासी लाइन में 74वें वार्षिकोत्सव का भव्य शुभारम्भ
सहारनपुर। आर्य समाज, सरदार पटेल मार्ग,खलासी लाइन में रविवार को 74वें वार्षिकोत्सव का शुभारम्भ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष यज्ञ से हुई, जिसमें सुभाष सैनी, अक्षय यादव, प्रदीप कुमार और डॉ. रामपाल सहित अनेक श्रद्धालु सपत्नी मुख्य यजमान के रूप में शामिल रहे। यज्ञ का संचालन वैदिक विदुषी संगीता आर्या (गंगोह) ने किया।
कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सेठी ने बताया कि स्वामी नरदेवानंद ने भजनोपदेश के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को कर्म, पुरुषार्थ और नैतिक जीवन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने कर्मों के प्रति सजग रहना चाहिए, क्योंकि परमात्मा हर समय हमारे कार्यों का साक्षी है। भजनों के जरिए वातावरण को भक्तिमय बनाते हुए उन्होंने जीवन के सदुपयोग का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपदेशिका डॉ. सविता आर्या ने अपने प्रवचन में कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत मूल्यवान है और इसे श्रेष्ठ कर्मों व ज्ञान के माध्यम से ही उन्नत बनाया जा सकता है। उन्होंने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यज्ञ आत्मबल को बढ़ाता है और समाज में सद्भाव, सेवा व दान की भावना को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पहले श्रेष्ठ मनुष्य बनने का प्रयास करें, तभी समाज और राष्ट्र का निर्माण सशक्त रूप से हो सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर अंगद सिंह आर्य ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. पूर्णचन्द्र शास्त्री ने किया। अंत में शांति पाठ और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष दिनेश आर्य,अनिता आर्या, अनिता शर्मा, रघुबीर कौर, सुधीर कुमार, सोमदत्त आर्य, मूलचंद यादव, विजय कुमार गुप्ता, राजकुमार आर्य, शांति देवी, मधु आर्या, मनीराम आर्य, योगराज शर्मा, माया देवी, ब्रह्मदेव, वेदांत, मुनि मोल्हड़ सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :अवनीश कुमार
News 10 भारत




कोई टिप्पणी नहीं